रायपुर, 29 अगस्त 2025। भगवान श्री बलराम जयंती (कृषक दिवस) के अवसर पर आज इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर के कृषक सभागार में भव्य कृषक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस अवसर पर कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम ने किसानों और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “किसान समृद्ध होंगे तो देश और प्रदेश स्वतः खुशहाल होगा।”
मंत्री श्री नेताम ने किसानों से जैविक खेती अपनाने और देशी किस्मों को बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेती किसानी के देवता भगवान श्री बलराम से प्रेरणा लेकर किसान मेहनत और तकनीक के सहारे अपनी आय दुगुनी कर सकते हैं। इस मौके पर उन्होंने उन्नत किसानों को विभागीय योजनाओं के तहत अनुदान राशि के चेक और कृषि उपकरण भी वितरित किए।
सम्मेलन में प्राकृतिक खेती, गो-आधारित कृषि व्यवसाय और तिलहन उत्पादन पर विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि धान के साथ ही किसानों को फलों, फूलों, मसालों और औषधीय फसलों की ओर भी बढ़ना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को तकनीकी, प्रशिक्षण और विपणन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर काम कर रही है।



