हसौद। आगामी दुर्गा उत्सव और दशहरा मेला को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए हसौद थाना परिसर में आज दिनांक 19/09/25 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पंडालों की व्यवस्था, डीजे साउंड सिस्टम, यातायात प्रबंधन सहित अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को निर्देश देते हुए कहा कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी लोग आपसी सहयोग से त्योहार मनाएं। साथ ही साइबर अपराध, धोखाधड़ी, अवैध शराब व जुआ गतिविधियों पर रोकथाम को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी अवैध शराब बिक्री या जुआ की जानकारी मिलती है तो तुरंत थाना प्रभारी या स्टाफ को सूचित करें।
बैठक में क्षेत्र के सरपंच, पंच, कोटवार, जनप्रतिनिधि, दुर्गा समितियों के अध्यक्ष व सदस्य, युवा वर्ग और अन्य ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान थाना प्रभारी सहित समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।


