जांजगीर-चांपा में वोकल फॉर लोकल अभियान को नया आयाम मिलता दिख रहा है। आदिवासी गोंड समाज द्वारा परंपरागत महुआ शराब उत्पादन को छोड़कर अब सात अलग-अलग स्थानीय उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों को बाज़ार में पहचान दिलाने और बिक्री के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिले के स्थानीय व्यापारियों ने आगे आकर समाज को प्रोत्साहन देने पर सहमति जताई है।
आज एसपी कार्यालय में हुए विशेष कार्यक्रम में व्यापारिक संघ के अध्यक्ष, पदाधिकारी तथा गोंड समाज के उत्पाद निर्माताओं के बीच बिज़नेस मॉडल और बाज़ार रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के स्व-रोज़गार को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर टिकाऊ आजीविका सुनिश्चित करना था।
गोंड समाज के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में वे जिन 7 उत्पादों का निर्माण कर रहे हैं, उनमें घरेलू उपयोग की वस्तुएँ, खाद्य सामग्री तथा हस्तशिल्प आधारित उत्पाद शामिल हैं। स्थानीय व्यापारी समूह ने आश्वासन दिया कि इन उत्पादों को दुकानों में स्थान देने के साथ-साथ प्रचार और बिक्री में भी सहयोग किया जाएगा।


