Tuesday, December 2, 2025

कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा 01 दिसम्बर 2025/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने जिले में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रगति की समीक्षा करते हुए आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एआरओ, एईआरओ, सीईओ और सीएमओ की महत्वपूर्ण बैठक ली। कलेक्टर ने अधिकारियों को एक्शन मोड में कार्य करते हुए शेष गणना पत्रकों के शीघ्र वितरण, कलेक्शन और ऑनलाइन एंट्री की गति और अधिक तेज करने के कड़े निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में पुनरीक्षण की सभी प्रक्रियाएँ समयबद्ध और सुचारू रूप से चलनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवार गणना प्रपत्रों के वितरण, कलेक्शन और एंट्री की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी लेते हुए प्रतिदिन लक्ष्य निर्धारित कर फॉर्मों का त्वरित कलेक्शन व डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जनजागरूकता रैली आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मतदान केंद्रों पर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों का नियमित निरीक्षण अनिवार्य रूप से करें। कलेक्टर महोबे ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही या असहयोग पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।
उल्लेखनीय है कि भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ राज्य में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के संदर्भ में चलाये जा रहे निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है। जारी संशोधित कार्यक्रम अनुसार 11 दिसम्बर 2025 तक गणना पत्रक सत्यापन, 16 दिसम्बर 2025 को मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन, 16 दिसम्बर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक दावा आपत्ति, 16 दिसम्बर 2025 से 07 फरवरी 2026 तक सुनवाई और सत्यापन कार्य एवं 14 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -