कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन रामपुर एवं चौकी सीएसईबी की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 80/2026 एवं अपराध क्रमांक 599/2025 (धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता) के तहत दर्ज मामलों में अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं स्वीकार कीं।
पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि अपचारी बालकों द्वारा होंडा लिवो मोटरसाइकिल (CG 11 AQ 9955) को बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा से चोरी कर कोरबा लाया गया था। संबंधित थाना से प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त वाहन के संबंध में अपराध क्रमांक 326/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत 01 अगस्त 2025 को चोरी दर्ज है।
तीन मोटरसाइकिलें बरामद
थाना सिविल लाइन रामपुर एवं चौकी सीएसईबी की संयुक्त कार्रवाई में अपचारी बालकों के कब्जे से कुल 03 नग चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण में संलिप्त अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत कार्रवाई कर उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चोरी एवं अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



