जांजगीर-चांपा, 05 फरवरी 2026/ जांजगीर-चांपा जिले में वीबी जी रामजी योजना के अंतर्गत ग्रामीण श्रमिकों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिले के विभिन्न विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों में योजना के तहत डबरी निर्माण, तालाब गहरीकरण, सड़क, जल संरक्षण एवं अन्य श्रम आधारित कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। योजना के तहत आयोजित प्रचार-प्रसार एवं संवाद कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि यह योजना ग्रामीण भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे ग्रामीण परिवारों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी, समय पर मजदूरी भुगतान एवं स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
कार्यक्रम में बताया गया कि वीबी जी रामजी योजना, पूर्व की मनरेगा योजना का विस्तार करते हुए ग्रामीण श्रमिकों को अधिक रोजगार, बेहतर आय और सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर रही है। समयबद्ध मजदूरी भुगतान से श्रमिकों का शासन पर विश्वास बढ़ा है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है। जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरकोनी में कार्यक्रम अधिकारी द्वारा आईआईसी गतिविधि के माध्यम से वीबी जी रामजी योजना के बारे में ग्रामीणों, जॉब कार्ड धारी परिवारों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों को विस्तार से जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि योजना के अंतर्गत यदि समयावधि में भुगतान नहीं होता है, तो श्रमिकों को ब्याज सहित राशि प्रदान की जाती है। इससे मजदूरी भुगतान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। वीबी जी रामजी योजना के माध्यम से जिले के गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा, जिससे कृषि उत्पादन, जलस्तर सुधार और ग्रामीण अधोसंरचना को बल मिलेगा। इससे पलायन में कमी आएगी तथा महिलाओं एवं युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


