रायपुर, 06 फरवरी 2026/ पंजीयक, सहकारी संस्थाएं द्वारा श्री शशिकांत द्विवेदी को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित, रायपुर का प्राधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके तारतम्य में श्री द्विवेदी ने आज पूर्वान्ह में विपणन संघ के मुख्यालय, नवा रायपुर अटल नगर में उपस्थित होकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
इस अवसर पर विपणन संघ के अपर प्रबंध संचालक, सचिव, मुख्य लेखाधिकारी, महाप्रबंधक सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यभार ग्रहण करने के पश्चात् श्री शशिकांत द्विवेदी ने विभाग की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में उपार्जित धान का शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान राज्य सरकार द्वारा कृषकों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए धान खरीदी की अवधि में 02 दिवस की वृद्धि किए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर सर्वश्री सुरेन्द्र पाटनी, सोमेश पाण्डेय, शिरीष तिवारी, टिकेन्द्र सिंह बनाफर, अभिषेक तिवारी, राहुल द्विवेदी, श्रीमती नीलम सिंह, श्रीमती गीता ठाकुर, श्री विक्रम ठाकुर, श्री जगमीत सिंह छाबड़ा, श्री देवेन्द्र द्विवेदी सहित अन्य प्रबुद्धजन उपस्थित थे।



