जांजगीर-चांपा, 02 अप्रैल 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में आज जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मिशन कर्मयोगी के तहत “राष्ट्रीय अधिगम सप्ताह – साधना सप्ताह 2026” के सफल आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक एवं प्रशिक्षण आयोजित की गई। कलेक्टर ने कहा कि कर्मयोगी भारत अभियान के अंतर्गत जिले में 2 अप्रैल से 08 अप्रैल 2026 तक साधना सप्ताह मनाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक प्रशासनिक दक्षताओं, डिजिटल गवर्नेंस, व्यवहारिक प्रशासनिक कौशल एवं भूमिका आधारित प्रशिक्षण से सशक्त बनाना है, जिससे शासन की कार्यप्रणाली अधिक परिणामोन्मुखी एवं नागरिक हितैषी बन सके।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साधना सप्ताह में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने एवं सभी अधिकारियों को अपने संबंधित विभाग में अधिक से अधिक अध्ययन करने तथा आईगोट कर्मयोगी मंच पर निर्धारित पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर अधिक से अधिक प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस “एआई दक्ष” के तहत एआई फॉर ऑल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मूल बातें सीखना अनुप्रयोग और नैतिकता, प्रशासन के लिए उत्तरदाई एआई का उपयोग, सुशासन में एआई नैतिकता से संबंधित कम से कम एक पाठ्यक्रम अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों कर्मचारियों को कहा कि अपने मेल आईडी से ऑनबोर्ड करते हुए पाठ्यक्रमों का अध्ययन कर क्षमता विकसित करें। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि विशेषकर शिक्षा, स्वास्थ्य, एग्रीकल्चर, हॉर्टिकल्चर एवं राजस्व के अधीनस्थ कर्मचारियों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा प्रशिक्षण, सेमिनार एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाए। उन्होंने आयोजित कार्यक्रमों के वीडियो क्लिप आईगोट पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर ने कहा कि आईगोट प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिगम की प्रगति की नियमित निगरानी की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों से कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन हेतु समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया कि साधना सप्ताह के दौरान प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए न्यूनतम चार घंटे का अध्ययन अनिवार्य रहेगा।
कलेक्टर ने कहा कि ऑनलाइन मानव संसाधन प्रबंधन सिस्टम (अवकाश ऑनलाइन) के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों के डाटा, वेतन, उपस्थिति, भर्ती एवं प्रदर्शन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को स्वचालित एवं सुव्यवस्थित किया जा सकेगा। इससे कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मानव संसाधन प्रबंधन सिस्टम पर अनिवार्य रूप से ऑनबोर्ड करने के निर्देश दिए, ताकि वे सीधे आईगोट (iGOT) प्लेटफॉर्म से जुड़कर प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर श्री संदीप ठाकुर, ईडीएम श्री सुनील साहू सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


