कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी द्वारा दिए गए निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में थाना/चौकी स्तर पर लगातार सघन कार्यवाही की जा रही है।
इसी क्रम में चौकी रजगामार थाना बालकोनगर पुलिस द्वारा एक जघन्य हत्या के मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। ग्राम नयाडीह बुंदेली स्थित दा हिंदू पोल्ट्री फार्म में कार्यरत आरोपी सालिक राम यादव (उम्र 48 वर्ष) द्वारा घरेलू विवाद एवं पत्नी के द्वारा पति पर चरित्र शंका एवं घरेलू विवाद के कारण अपनी पत्नी चेतकुंवर की निर्मम हत्या कर दी गई थी।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची एवं मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार एवं अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
मृतिका के शव का पंचनामा कार्यवाही उपरांत पोस्टमार्टम कराया गया तथा परिजनों एवं गवाहों के कथन दर्ज किए गए। मामले में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए आरोपी को दिनांक 23.04.2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।


