कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सीतामढ़ी इलाके में मंगलवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर जमकर बवाल हो गया। 15 से 20 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने एक घर में घुसकर महिलाओं, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार बदमाश लाठी-डंडों से लैस होकर नैना गोस्वामी के घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले घर का दरवाजा तोड़ा और फिर अंदर घुसकर परिवार पर हमला कर दिया। इस दौरान नैना गोस्वामी, उनकी बहन, बच्चों और जीजा के साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस जांच में जुट गई है।


