विवरण थाना चांपा क्षेत्र के प्रकाश इंडस्ट्रीज लिमिटेड चांपा के लिए भेजे जा रहे कोयले में मिलावट कर हेराफेरी करने वाले 3 ट्रक ड्राइवरों को चांपा पुलिस ने पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में चंद घंटों में गिरफ्तार कर लिया। चांपा पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर गणेश कोल डिपो अमझर से बदला गया करीब 115.04 मीट्रिक टन कोयला और 3 ट्रेलर जब्त किए हैं।
कैसे हुआ खुलासा
पीआईएल चांपा के वरिष्ठ सुरक्षाधिकारी सुरेश कुमार ने 28 मई 2026 को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि भास्करपारा कोल माइन्स सूरजपुर से कुवर ट्रांसपोर्ट भैयाथान के माध्यम से 3 वाहनों में कोयला भेजा गया था:।
आरोपी ड्राइवर अजमत अंसारी, रामचन्द्र और शेख सरफरोज 25 मई को भास्करपारा से रवाना हुए और 27 मई की दोपहर बाद पीआईएल चांपा पहुंचे। जब कोयला आरएमएच डिपार्टमेंट में खाली कराया गया तो उसकी गुणवत्ता घटिया मिली और उसमें मिलावट का पता चला।
पूछताछ में ड्राइवरों ने बताया कि अमझर स्थित गणेश कोल डिपो में उन्होंने वाहनों से अच्छा कोयला उतारकर उसकी जगह खराब स्तर का कोयला मिलाकर प्लांट में पहुंचाया। रिपोर्ट पर थाना चांपा में अपराध क्रमांक 269/26 धारा 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों से पूछताछ और मेमोरंडम कथन के आधार पर पुलिस ने गणेश कोल डिपो अमझर से बदला गया कोयला बरामद किया। मौके से 3 ट्रेलर और लगभग 115.04 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया जाकर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
01. शेख सरफरोज पिता शेख तबारक हुसैन उम्र 35 वर्ष निवासी गढ़वा झारखंड,
2. अजमत अंसारी पिता इलियास अंसारी उम्र 32 वर्ष निवासी गढ़वा झारखंड
3. रामचन्द्र पिता अमरशाह उम्र 30 वर्ष निवासी सोनभद्र उत्तर प्रदेश
पुलिस टीम: इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, उनि सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय और थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।


