पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर चांपा पुलिस द्वारा लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम थाना जांजगीर पुलिस द्वारा ग्राम धूरकोट, थाना बलौदा ग्राम चारपारा थाना बम्हनीडीह ग्राम पिपरदा, थाना पामगढ़ के सहसा, थाना बिर्रा के ग्राम करही, नवागढ़ के ग्राम केरा एवं मुलमुला के ग्राम कोसा में सड़क सुरक्षा मितानों की विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा मितानों को यातायात नियमों के पालन, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही भारत सरकार की राहवीर योजना के बारे में अवगत कराते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि एवं सम्मान प्रदान किया जाता है।
उपस्थित सड़क सुरक्षा मितानों से अपील की कि वे अपने-अपने गांवों एवं क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें तथा दुर्घटना की स्थिति में घायलों की तत्काल सहायता कर मानवता का परिचय दें। बैठक में बताया गया कि दुर्घटना के बाद का पहला “गोल्डन ऑवर” अत्यंत महत्वपूर्ण होता है, जिसमें समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।


