कोरबा कोरबा जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की मजबूती और पुलिस कार्यप्रणाली में सुधार और कसावट लाने के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने निरीक्षकों के तबादले का आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले के महत्वपूर्ण थानों में नई पद स्थापना की गई हैं, जिससे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
अधिकृत जारी आदेश के तहत निरीक्षक तेज यादव को दर्री थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दर्री थाना क्षेत्र कोरबा जिले के सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील इलाकों में गिना जाता है, जहां औद्योगिक गतिविधियां बड़े पैमाने पर संचालित होती हैं। ऐसे में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर नियंत्रण और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी अब तेज यादव के कंधों पर होगी। पुलिस विभाग को उनसे प्रभावी पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई की उम्मीद है।
वर्तमान में दर्री थाना प्रभारी रहे निरीक्षक आशीष सिंह का तबादला हरदीबाजार थाना किया गया है। हरदीबाजार क्षेत्र में अवैध कारोबार, जुआ-सट्टा, अवैध मादक द्रव्य पदार्थ की बिक्री और अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में आशीष सिंह के सामने इन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की चुनौती होगी।
जानकारी के अनुसार निरीक्षक प्रमोद डडसेना को लाइन अटैच किए जाने का आदेश भी जारी किया गया है। इस निर्णय के बाद पुलिस महकमे में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पुलिस अधीक्षक द्वारा किए गए इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी समय में जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों से बेहतर परिणाम और अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


