पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार गांवों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में CSP जांजगीर योगिताबाली खापर्डे ने अकलतरा स्थित कन्या शाला में छात्राओं के बीच पहुंचकर नवीन आपराधिक कानूनों एवं साइबर अपराधों से बचाव संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) की महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया गया। साथ ही ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP शेयर करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर फ्रॉड की पहचान एवं बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।
CSP योगिताबाली खापर्डे ने छात्राओं से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण अथवा OTP साझा न करें तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम पुलिस थाना से संपर्क करें।
इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य बच्चों में कानूनी जानकारी बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें डिजिटल दुनिया में सुरक्षित और सतर्क नागरिक बनाना है। भविष्य में भी स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि आमजन साइबर अपराधों एवं नए कानूनों के प्रति जागरूक होकर सुरक्षित समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी निभा सकें।



