जिले के थाना अकलतरा पुलिस ने 10 भैंस चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपियों द्वारा भैंसों को बेचने के लिए बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल किया गया वीडियो ही पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।
विवरण प्रार्थी नंदा यादव ने 12 जुलाई 2026 को थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने 8 जुलाई 2026 को अपनी 10 भैंसों को जंगल में चरने के लिए छोड़ा था, लेकिन सभी भैंस वापस नहीं लौटीं। काफी खोजबीन के बाद भी भैंसों का पता नहीं चलने पर चोरी की आशंका व्यक्त करते किए जिसकी सूचना रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 402/26 धारा 303(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
विवेचना के दौरान प्रार्थी को सोशल मीडिया पर एक वीडियो मिला, जिसमें चोरी हुई भैंसों को बेचने के उद्देश्य से उनका वीडियो वायरल किया जा रहा था। पुलिस ने तत्काल वीडियो की तस्दीक कर तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।
जांच में वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान सोमू भारद्वाज, निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथी सनी उर्फ सचिन यादव, निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक 03, थाना अकलतरा के साथ मिलकर भैंसों को बेचने की योजना बनाना तथा बिक्री के लिए वीडियो वायरल करना स्वीकार किया।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
01. सनी उर्फ सचिन यादव, पिता धर्मेन्द्र यादव, उम्र 18 वर्ष, निवासी संजय नगर वार्ड क्रमांक 03, थाना अकलतरा।
02. सोमू भारद्वाज, पिता सुनील भारद्वाज, उम्र 22 वर्ष, निवासी बम्हनीन, थाना अकलतरा।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक (PSI) दिव्या कुर्रे, रमन पाटले, अंजनी कश्यप, महेंद्र राज एवं शेष साहू का विशेष योगदान रहा। थाना अकलतरा पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी विवेचना से मामले का सफल खुलासा संभव हो सका।



