कोरबा, 03 अगस्त 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने आज शासकीय ई.वी. पीजी कॉलेज, कोरबा परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण कर वहां चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने ऑडिटोरियम में शेष बचे निर्माण एवं इंटीरियर संबंधी कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए, ताकि विद्यार्थियों और महाविद्यालय को जल्द से जल्द इस आधुनिक सुविधा का लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ऑडिटोरियम में किए जाने वाले इंटीरियर कार्य, मंच, बैठक व्यवस्था, प्रकाश एवं ध्वनि व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्थापना को लेकर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम को सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए, जिससे यहां शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का बेहतर ढंग से आयोजन किया जा सके।
कलेक्टर श्री दुदावत ने महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय से महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ऑडिटोरियम की उपयोगिता, विद्यार्थियों की आवश्यकताओं तथा महाविद्यालय की अन्य समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की और उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नगर पालिक निगम के अधिकारियों से पीजी कालेज मैदान में एस्ट्रोटर्फ मैदान सहित ऑडिटोरियम के शेष कार्यों को पूर्ण करने के लिए चल रही निविदा प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि ऑडिटोरियम जल्द पूर्ण होकर उपयोग के लिए उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑडिटोरियम परिसर के बाहर पर्याप्त शेड निर्माण, प्रवेश द्वार से सीढ़ियों तक शेड लगाने तथा पूरे मार्ग का कंक्रीटीकरण कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश एवं धूप के दौरान विद्यार्थियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा परिसर में सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, नगर निगम के अधिकारी, महाविद्यालय प्रबंधन एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक 718/कमलज्योति/
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.



