विवरण बलौदा क्षेत्र के महावीर कोलवासरी में कार्यरत राज कुमार मिश्रा ने 28 दिसंबर 2024 को थाना बलौदा में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुसमुंडा खदान से कोयला लेकर आए दो ट्रकों की तौल के दौरान अनियमितता की आशंका हुई थी। ड्यूटी पर तैनात गार्ड और कोल यार्ड सुपरवाइजर को वाहनों में कोयले की मात्रा कम प्रतीत होने पर संदेह हुआ।
जांच में सामने आया कि नाइट शिफ्ट में तैनात ठेका कर्मचारी एवं कांटा बाबू ईश्वरी प्रसाद पटेल ने संबंधित ट्रकों का वास्तविक वजन किए बिना अन्य वाहनों का ग्रॉस वजन दर्ज कर कांटा पर्ची जारी कर दी। इसके बाद वाहनों को अनलोडिंग के लिए कोल यार्ड भेज दिया गया।
अनलोडिंग के दौरान सुपरवाइजर को कोयले की मात्रा कम दिखाई देने पर दोनों ट्रकों का पुनः वजन कराया गया। दोबारा तौल में एक वाहन में 7.05 टन तथा दूसरे में 12.70 टन कोयला कम पाया गया। इस प्रकार कुल 19.75 टन कोयले की कमी सामने आई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1.20 लाख रुपये बताई गई। मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 02/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(4) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
थाना बलौदा पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों को पकड़ा जिसको पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किए जाने से विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी
(01) राकेश कुमार यादव उर्फ सीट पिता संतराम यादव उम्र 24 वर्ष
(02) जावेद खान पिता शरीफ खान उम्र 23 वर्ष निवासी पाली चैकी नैला
पुलिस टीम की भूमिका निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू , आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोश रात्रे व थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



