कहा-लक्ष्य तय कर मन लगाकर पढ़ें, जिला प्रशासन हर कदम पर करेगा सहयोग
कोरबा 06 सितंबर 2026/ कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत एवं जवाहर नवोदय विद्यालय छुरी के चेयरमैन ने आज जवाहर नवोदय विद्यालय छुरी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, भोजन, पेयजल एवं निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण करते हुए कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताई तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ऑडिटोरियम का कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों से रूबरू हुए कलेक्टर, जाना भविष्य का लक्ष्य
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने कक्षा 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों से उनके कक्षाओं में जाकर सीधे संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, रुचि और भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से जानना चाहा कि उनमें से कौन डॉक्टर, इंजीनियर, लॉयर, शिक्षक सहित अन्य क्षेत्रों में अपना भविष्य बनाना चाहता है। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपने-अपने लक्ष्य साझा किए और कलेक्टर के सवालों के जवाब भी दिए।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अभी से अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखें और उसे हासिल करने के लिए पूरी लगन एवं मेहनत से पढ़ाई करें। उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा के बाद देश के किसी भी सरकारी कॉलेज अथवा उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश लेने पर जिला प्रशासन द्वारा संस्था स्तर पर लगने वाली संपूर्ण फीस का वहन किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे बिना किसी चिंता के मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने सपनों को साकार करें। जिला प्रशासन उनकी शिक्षा और आगे बढ़ने में हरसंभव सहयोग करेगा।
भोजन व्यवस्था से संतुष्ट दिखे विद्यार्थी
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विद्यालय में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने भोजन व्यवस्था के प्रति संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में भी विद्यार्थियों से चर्चा की।
पेयजल समस्या पर एक सप्ताह में समाधान के निर्देश
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय में पेयजल की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। विद्यार्थियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पाइपलाइन के माध्यम से विद्यालय में शीघ्र पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के भीतर पेयजल की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बास्केटबॉल ग्राउंड की मांग,ओपन जिम और आधुनिक तीरंदाजी सामग्री के लिए भी प्रस्ताव
विद्यार्थियों ने विद्यालय में बास्केटबॉल ग्राउंड की आवश्यकता भी कलेक्टर के समक्ष रखी। वहीं, विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.पी. गुप्ता ने विद्यार्थियों के लिए ओपन जिम तथा आधुनिक तीरंदाजी की सामग्री उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की आवश्यकताओं एवं विद्यालय की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश
कलेक्टर श्री दुदावत ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रतीक जैन, एसडीएम कटघोरा श्री विपिन दुबे,अपर कलेक्टर श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य श्री जे.पी. गुप्ता सहित शिक्षक श्री रामावतार साकरे, श्रीमती अनामिका मिश्रा, श्री विजय कुमार एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।




