कोरबा, 30 सितंबर 2026। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान जारी है। इसी क्रम में हसदेव ताप विद्युत गृह संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में बुधवार को जल संरक्षण के विभिन्न उपायों पर चर्चा कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक बनाया गया। मुख्य रसायनज्ञ देवेश दुबे द्वारा जल संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर ज्ञानवर्धक एवं प्रभावी पाॅवर पाइंट प्रजेंटेशन प्रस्तुति के जरिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक किया गया।
विद्युत संयंत्र के ओआरटी सभाकक्ष क्रमांक 01 में आयोजित इस पाॅवर पाइंट प्रजेंटेशन में मुख्य रसायनज्ञ देवेश दुबे ने बताया कि जल संरक्षण और उसका पुनरुद्धार पृथ्वी पर सभी जीव-जंतुओं एवं मानव जीवन की रक्षा करने के लिए बेहद आवश्यक हैं।उन्होंने बताया कि धरती के भू-गर्भ एवं भू-सतह पर स्वच्छ जल सीमित मात्रा में है, फिर भी लोग प्रतिदिन इस महत्वपूर्ण स्रोतों को प्रदूषित करते रहते हैं। जल संरक्षण का अर्थ है कि पानी का समझदारी से उपयोग करना है।
पाॅवर पाइंट प्रजेंटेशन में जल संरक्षण के उपायों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि खुली नलों को बंद करना चाहिए, नलों के रिसाव को तुरंत ठीक कराना चाहिए और बेहतर सिंचाई प्रणाली अपनानी चाहिए। जल का पुनरुद्धार नदियों, आर्द्रभूमि और भूमिगत जलस्रोतों को फिर से जीवित करने से होता है। वर्षा जल संचयन, पेड़ लगाने और प्रदूषित जलाशयों को साफ करने जैसी पद्धतियां प्राकृतिक रूप से जलस्रोतों को जीवन देती हें। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस अनमोल संसाधन की रक्षा करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन सुनिश्चित करने के लिए हर व्यक्ति को प्रयास की आवश्यकता है। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके. गुप्ता, आरके पांडे, एके. शाह, केएनबी. राव, एसके. नायर, एससी. पाठक, परियोजना प्रबंधक एसके. पंड्या और वरिष्ठ मुख्य रसानज्ञ एके. कुरनाल समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सेवा संकल्प अभियान के तहत एचटीपीएस कोरबा पश्चिम द्वारा सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय सहभागिता की जा रही है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




