कोरबा। Korba Accident: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुसमुंडा खदान क्षेत्र में रविवार को दो ट्रेलरों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक चालक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्रेलर का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला गया।
भीषण टक्कर में एक चालक की मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसे में मृतक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।
वहीं, दूसरे ट्रेलर का चालक भी हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल घायल चालक की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार से जुड़े थे दोनों वाहन
बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल दोनों ट्रेलर नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार पीकेएस कंपनी से जुड़े हुए थे। दुर्घटना के बाद खदान में वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के बीच सुरक्षा मानकों और वाहन संचालन की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों ने खदान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने की जरूरत बताई है।
मुआवजा और नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने मृतक के परिवार को मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए खदान परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित होने की जानकारी है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, समझाइश के बाद मामला शांत
घटना की सूचना मिलने पर कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत की और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और स्थिति सामान्य हुई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और इसमें किसकी लापरवाही रही, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगा।




