कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में घरेलू विवाद के दौरान एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम सिमगेंदा में रामदुलार कोरवा का शव घर के सामने खून से लथपथ हालत में मिला। मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा ने अपने ससुर नंदू कोरवा और देवर अघन सिंह कोरवा पर तीर-धनुष और सब्बल से हमला कर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के दौरान हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, परिवार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान दरवाजा लगाने की बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर मामला हिंसक हो गया और रामदुलार कोरवा पर हमला किया गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक के भाई अघन सिंह कोरवा ने कथित तौर पर तीर-धनुष से हमला किया। तीर लगने से रामदुलार जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद उसके पिता नंदू कोरवा ने सब्बल से सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण रामदुलार की मौत हो गई।
सुबह घर के सामने मिला शव
मृतक की पत्नी बुधवारी कोरवा के मुताबिक, रात में हुए विवाद के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सुबह घर के सामने रामदुलार का शव पड़ा मिला। इसके बाद घटना की सूचना श्यांग थाने में दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है।
दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के अनुसार, प्रारंभिक जांच और पूछताछ में प्रधानमंत्री आवास के निर्माण के दौरान दरवाजा लगाने को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।




