कोरबा, 27 अक्टूबर 2026/ युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय परंपराओं और राजनीतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, कोरबा द्वारा 3 नवंबर 2026 को श्री अग्रसेन कन्या महाविद्यालय, कोरबा में जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का मुख्य विषय “एक राष्ट्र, एक चुनाव” निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम में युवा प्रतिभागियों को देश की चुनावी व्यवस्था, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और “एक राष्ट्र, एक चुनाव” की अवधारणा पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। वे इस विषय के संभावित लाभ, चुनौतियों, संवैधानिक पहलुओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर इसके प्रभावों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवा मेरा युवा भारत (माय भारत) के आधिकारिक पोर्टल पर जिला स्तरीय विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। युवाओं से निर्धारित विषय पर तैयारी कर अपने विचार, तर्क और दृष्टिकोण प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की अपील की गई है।
विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली समझने, समसामयिक विषयों पर सार्थक संवाद करने और तार्किक ढंग से अपनी बात रखने का मंच प्रदान करेगी। इसके माध्यम से नेतृत्व क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




