कोरबा। 14 नवंबर को पूरे कोरबा जिले में बाल दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में रविशंकर शुक्ल नगर स्थित रिचलुक प्रोग्रेसिव स्कूल द्वारा भी बाल दिवस का आयोजन बड़े ही उत्साह और आत्मीय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर सुभाष चौक स्थित पुष्पलता उद्यान में स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की मनोरंजक, रचनात्मक एवं आकर्षक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के मनोरंजन और उनके उत्साह को बढ़ाने के लिए विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। वहीं सभी बच्चों को उपहार भेंट कर बाल दिवस की खुशियां दोगुनी कर दी गईं। कार्यक्रम में बच्चों के चेहरों पर उमंग, उत्साह और मुस्कान देखते ही बन रही थी। खेल-कूद, मनोरंजन और आपसी मेल-मिलाप के बीच बच्चों ने इस विशेष दिन को यादगार बनाया।
बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर निखारना और संस्कारों से संवारना ही शिक्षा का उद्देश्य – प्रिंसिपल गीता गुप्ता
इस अवसर पर स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती गीता गुप्ता ने बताया कि बाल दिवस बच्चों के प्रति स्नेह, सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारी जिम्मेदारी को याद करने का विशेष अवसर है। बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि समाज की सबसे अनमोल धरोहर हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है, जिसे उचित मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और सकारात्मक वातावरण देकर निखारा जा सकता है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता, संस्कार और सामाजिक मूल्यों का विकास करना भी है।कार्यक्रम के अंत में बच्चों को उपहार वितरित किए गए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। हंसी-खुशी और उत्साह से भरा यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया।




