जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री विनय पोयाम के मार्गदर्शन में जिले में आज विश्व शौचालय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने, शौचालयों के नियमित उपयोग तथा उनके बेहतर रखरखाव के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विशेष अभियान की शुरुआत की गई। वर्ष 2026 के लिए संयुक्त राष्ट्र द्वारा निर्धारित थीम सेफ़ टॉयलेट्स इक्वल फ्यूचर्स’ (सुरक्षित शौचालय – समान भविष्य) के अनुरूप देशभर में ‘स्वच्छ शौचालय – गरिमामय भविष्य’ अभियान 19 नवंबर से 10 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों एवं संस्थागत शौचालयों की क्रियाशीलता, सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन सहित अन्य सार्वजनिक संस्थानों में उपलब्ध शौचालयों की स्थिति में सुधार तथा महिलाओं, बालिकाओं एवं दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मरम्मत, रखरखाव, सौंदर्यीकरण और व्यवहार परिवर्तन पर विशेष फोकस
अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में सामुदायिक एवं संस्थागत शौचालयों की आवश्यकतानुसार मरम्मत और रखरखाव, सिंगल पिट शौचालयों को ट्विन पिट में परिवर्तित करने तथा सेप्टिक टैंकों में आवश्यक सुधार के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए है।
सामुदायिक शौचालयों के नियमित संचालन एवं रखरखाव, परिसर की साफ-सफाई, दीवार लेखन और स्वच्छता संदेशों के माध्यम से सौंदर्यीकरण तथा जनभागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। साथ ही खुले में शौच से मुक्ति की स्थायित्व सुनिश्चित करने के लिए व्यापक व्यवहार परिवर्तन एवं जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
अभियान के अंतर्गत स्वच्छ सेवा आकलन की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिन ग्राम पंचायतों में यह प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है, वहां स्व-मूल्यांकन, ग्राम सभा सत्यापन एवं अंतिम सबमिशन की प्रक्रिया 30 नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान की गतिविधियों की जियो-टैगिंग, पूर्व एवं पश्चात के फोटोग्राफ तथा रिपोर्टिंग, मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी।
विश्व शौचालय दिवस के अवसर पर सामुदायिक एवं संस्थागत शौचालयों के साथ व्यक्तिगत शौचालयों की उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। प्रत्येक विकासखंड से दो उत्कृष्ट सामुदायिक स्वच्छता परिसर एवं दो उत्कृष्ट संस्थागत शौचालयों का चयन किया जाएगा। जिला स्तर पर इनमें से उत्कृष्ट परिसरों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी तरह व्यक्तिगत शौचालय प्रतियोगिता के अंतर्गत ग्राम पंचायत, विकासखंड एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट शौचालयों का चयन कर संबंधित हितग्राहियों को अभियान के समापन अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.

