रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। कबाड़ी कारोबारी से गाड़ी छोड़ने के एवज में 1.50 लाख रुपये की रिश्वत मांगने और रकम लेते रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद राज्य कर विभाग ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, आंचल गिरी द्वारा ड्यूटी के दौरान रिश्वत की मांग किए जाने को गंभीर कदाचार और लापरवाही माना गया है। विभाग ने इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त कार्यालय, जगदलपुर संभाग निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता भी मिलेगा।
CG News : रायपुर में युवा मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, CM विष्णुदेव साय और दोनों डिप्टी CM होंगे शामिल
GST Officer Suspend: कबाड़ी कारोबारी से मांगी थी डेढ़ लाख की रिश्वत
दरअसल, कबाड़ी कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, 18 नवंबर को उनकी गाड़ी स्क्रैप लेकर जा रही थी। गाड़ी में माल से संबंधित बिल होने के बावजूद उसे रोक लिया गया था।
कारोबारी का आरोप है कि GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी ने गाड़ी छोड़ने के बदले पहले 10 लाख रुपये की पेनाल्टी लगाने की बात कही थी, जबकि गाड़ी में लोड स्क्रैप की कीमत करीब 3 लाख रुपये थी। इसके बाद गाड़ी जब्त करने और कार्रवाई करने की धमकी देकर कथित तौर पर दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई। बातचीत के बाद डेढ़ लाख रुपये में मामला तय हुआ।
शिकायत के अनुसार, तय रकम में से 50 हजार रुपये पेनाल्टी के नाम पर काटने और शेष एक लाख रुपये घर पहुंचकर देने की बात हुई थी। इसके बाद कारोबारी ने ACB से शिकायत कर दी।
ACB ने रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत की जांच के बाद ACB ने जाल बिछाया। शनिवार को रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचल गिरी को कथित तौर पर रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर भी निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई।
रिश्वत दिलाने में मदद करने वाला इमरान मेमन भी गिरफ्तार
ACB की जांच में इस मामले में इमरान मेमन की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि GST अधिकारी ने कारोबारी से रिश्वत की रकम इमरान मेमन के माध्यम से ली थी। इमरान मेमन (30) कांकेर के संजयनगर का निवासी बताया गया है।
ACB ने उसके खिलाफ भी भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की है। मामले में ACB की जांच जारी है।

