घटना का संक्षिप्त विवरण – दिनांक 06.11.2026 की रात्रि लगभग 10:17 बजे थाना नवागढ़ की डायल-112 टीम को लिंगवा रोड नवागढ़ में सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर वे डायल-112 की टिम तत्काल घटनास्थल पहुंचे तथा दुर्घटना में घायल व्यक्ति को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ ले जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे थार वाहन क्रमांक CG 11 BS 3187 के चालक ने डायल -112 वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद डायल-112 वाहन को रोककर पुलिसकर्मी जब वाहन का निरीक्षण कर रहे थे, तभी थार वाहन चालक भावेश केशरवानी ने अपने चाचा भुनेश्वर केशरवानी एवं अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुला लिया। आरोपियों ने एकजुट होकर रास्ता रोकते हुए पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज, हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर –
डायल 112 टीम की सूचना रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध क्रमांक 367/26, धारा 281, 296, 351(3), 115(2), 121(1), 132, 126(2), 221, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपियों की पतासाजी की जा रही थी। इसी क्रम में दिनांक 23.11.26 को सभी सातों आरोपियों द्वारा माननीय न्यायालय नवागढ़ में आत्मसमर्पण किए जाने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
गुण्डा बदमाश एवं जिला बदर की कार्रवाई की तैयारी –
प्रकरण के मुख्य आरोपी भुनेश्वर केशरवानी के विरुद्ध गुण्डा बदमाश एवं जिला बदर की कार्रवाई किए जाने हेतु जिला दण्डाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन प्रेषित किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी –
1. भुनेश्वर केशरवानी
2. भावेश केशरवानी
3. राजू साहू
4. दीपक साहू
5. शुभम केशरवानी
6. राकेश चंद्रा
7. इतवारी खूंटे
जांजगीर-चांपा पुलिस की अपील:
शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करना एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में तैनात पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करना गंभीर अपराध है। कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा कानून अपने हाथ में लेने से बचें।

