विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के कार्यकर्ता और नेता एक-दूसरे से मिलकर जितना अपनी सरकार की गतिविधियों और विपक्ष की कमियों को बताएंगे उतना ही वे सोशल मीडिया का भी उपयोग करने वाले हैं। सत्ताधारी दल कांग्रेस ने इसके लिए ऑडियो-वीडियो तैयार कर रही है। इसमें राज्य सरकार की सभी प्रमुख योजनाओं की जानकारी का समावेश होगा।
इसे पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के मोबाइल फोन के माध्यम से प्रदेश के 25 हजार से ज्यादा व्हाट्सएप ग्रुप तक पहुंचाने की योजना है। बताया गया है कि ऑडियो-वीडियो को सरल भाषा में तैयार किया जा रहा है ताकि लोग आसानी से इसे समझ सकें।
हर योजना की जानकारी: राज्य सरकार द्वारा गांव, गरीब, किसान, युवा, महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग योजनाएं चलाई जा रही हैं। इस योजना का लाभ वे कैसे ले सकते हैं और इन योजनाओं से अब तक कितने लाेगों को फायदा मिला इन सभी चीजों की क्लीपिंग तैयार की जा रही है। इसी तरह केन्द्र सरकार और भाजपा के 15 साल के कार्यकाल के दौरान हुई गड़बडि़यों के बारे में क्लीपिंग तैयार की जा रही है।
वक्ता भेजेगी पार्टी
ऑडियो-वीडियो के अलावा सभी विधानसभाओं में पार्टी की बात रखने वाले वक्ताओं को भी भेजेगी। इसमें उन लोगों को महत्व दिया जाएगा जिन्हें पूर्व में वक्ता के रुप में चयन किया जा चुका है।




