गरियाबंद 2 नवंबर 2023/विधानसभा निर्वाचन प्रशिक्षण में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने पर सहायक प्राध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री तीर्थराज अग्रवाल ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन 2023 को दृष्टिगत रखते हुए जिला स्तर पर समस्त पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी क्र. 01, मतदान अधिकारी क्र. 2, मतदान अधिकारी क्र. 03 का द्वितीय प्रशिक्षण जिला मुख्यालय में 02 एवं 03 नवंबर 2023 को प्रातः 10:00 बजे से विभिन्न महाविद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है। 02 नवंबर को उक्त प्रशिक्षण कार्य संपादन हेतु सहायक प्राध्यापक डॉ नीलांबर पटेल शासकीय वीर सुरेन्द्रसाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय गरियाबंद की ड्यूटी
आई.टी.एस. महाविद्यालय गरियाबंद के कक्ष क्रमांक 01 में मास्टर ट्रेनर्स के रूप में लगाई गई थी। उक्त आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापक बिना कोई पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाये गये। उनका उक्त कृत्य निर्वाचन जैसे अति महत्वूपर्ण कार्य के प्रति घोर लापरवाही को प्रदर्शित करता है, जो कि सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 एवं लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 के सर्वथा विपरित है। इस संबंध में सहायक प्राध्यापक डॉ नीलांबर पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। सहायक प्राध्यापक को उक्त आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के संबंध में अपना संतोषजनक स्पष्टीकरण 6 नवंबर तक जिला निर्वाचन कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए है। संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने की स्थिति में गुण व दोष के आधार पर एकपक्षीय कार्यवाही करते हुए अनुशासनात्मक कार्यवाही किये जाने हेतु आयोग को प्रस्ताव प्रेषित किया जाएगा।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.




