रायपुर, 31 दिसम्बर 2023/मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज यहाँ राज्य अतिथि गृह पहुना में भारत यात्री श्री मेहुल लखानी ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने श्री मेहुल को उनकी इस यात्रा के लिए प्रदेशवासियों की ओर से शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की । इस अवसर पर विधायक श्री गजेन्द्र यादव भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि श्री मेहुल ने योग यात्रा की थीम पर भारत, नेपाल और भूटान की यात्रा पूर्ण कर अब पैदल चलते हुए भारत यात्रा पर निकले हैं। श्री मेहुल यह पदयात्रा सामाजिक सुधार हेतु राष्ट्रीय स्तर पर जन चेतना जगाने के उद्देश्य से लोगों को स्वास्थ्य, प्रकृति, संस्कृति और भारत के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के प्रयास हेतु कर रहे हैं।
गौरतलब है कि श्री मेहुल इससे पूर्व साइकिल से नेपाल और भूटान तक 27 महीने में 46 हजार किलोमीटर की यात्रा पूर्ण कर चुके हैं। वर्तमान में श्री मेहुल पैदल चलते हुए डोंगरगढ़ से रायपुर होते हुए अयोध्या और सम्पूर्ण भारत की यात्रा पर निकले हैं। श्री मेहुल छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ के निवासी हैं।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


