लोकसभा चुनावों के मद्देनजर आम आदमी पार्टी (AAP)के नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब यह खबर आने लगी कि कुछ राज्यों में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन लगभग तय हो गया है, कौन-सी पार्टी किस राज्य में कितनी सीटों पर लड़ेगी इसकी सहमति दोनों पार्टी में बन गई है. हालांकि बीजेपी और गृहमंत्री उम्मीद लगा रहे थे कि आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा. जैसे ही खबर आई कि सहमति बन गई है और आज या कल में घोषणा होने वाली है तो अचानक दो बातें हुईं. पहला तो ED का 7वां नोटिस सोमवार को आ गया. इसके साथ ही हमें बहुत विश्वस्त लोगों से जानकारी मिल रही है कि ED के बाद अब CBI भी अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट करने के लिए कदम बढ़ा रही है. हमारे पास पुख्ता जानकारी है कि सेक्शन 41 A के तहत आज शाम तक अरविंद केजरीवाल के पास सीबीआई का नोटिस आ जाएगा. हमें ये भी सूचना मिली है कि आने वाले 2-3 दिनों के भीतर सीएम अरविंद केजरीवाल को अरेस्ट कर लिया जाएगा.
चाहे केजरीवाल को गिरफ्तार कर लो, गठबंधन तो होकर रहेगा- आप
सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि बीजेपी से जुड़े हुए लोग भी हमको यह कह रहे हैं कि अगर गठबंधन हुआ तो अरविंद केजरीवाल जेल में जाएंगे और अगर आप अरविंद केजरीवाल जी को बाहर देखना चाहते हैं तो आम आदमी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा कांग्रेस के साथ ना बने. यानी भाजपा के अंदर घबराहट बहुत ज्यादा है. उनको लगता है कि अगर यह दो पार्टी साथ आएंगे तो जिन राज्यों में यह मिलकर चुनाव लड़ेंगे वहां बीजेपी की मुश्किल बढ़ेंगी और वहां सरकार बनाने में मुश्किल होगी. जो आदमी 400 पार जाने की बात कर रहा हो वह एक बुजुर्ग आदमी के घर सीबीआई नहीं भेजता. हम बीजेपी और केंद्र सरकार को बता देना चाहते हैं कि आप केजरीवाल को गिरफ्तार करना चाहे तो कर ले, लेकिन यह गठबंधन होने जा रहा है.


