आम आदमी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए आज आपना वेबसाइट ‘आपका रामराज्य’ लॉन्च कर दिया है। इससे पहले आप ने ‘संसद में भी केजरीवाल तो दिल्ली होगी खुशहाल’ कैंपेन लॉन्च किया था। लेकिन अरविंद केजरीवाल के जेल जाने के बाद यह खत्म हो गया। फिर पार्टी ने दूसरा कैंपेन लॉन्च किया’जेल का जवाब वोट से’। ये कैंपेन अब भी जारी है।
इस अवसर पर आप सांसद संजय सिंह ने कहा, “किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि बिजली मुफ़्त दी जा सकती है। आज़ादी के बाद मुफ़्त बिजली योजना, मुफ़्त पानी योजना और मुफ़्त बस यात्रा योजना लागू करने वाली यह पहली सरकार थी। दिल्ली मुनाफे का बजट देने वाला एकमात्र राज्य है। हम रामराज्य की अपनी परिकल्पना को धरातल पर साकार करने के लिए कृतसंकल्पित हैं।”
‘आपका रामराज्य’ कैंपेन लॉन्च करने के मौके पर दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी सिंह ने कहा- ‘रघुकुल रीत सदा चली आई, प्राण जाय पर वचन ना जाए। भगवान राम को राम राज्य के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ा था, 14 साल वनवास काटना पड़ा था, आज केजरीवाल जी भी अपने वचन पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। लेकिन उसके बाद भी जो दिल्ली की जनता से वादा किया था, उसको पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। जेल से भी वो हमें आर्डर देते हैं।’
वहीं केजरीवाल सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा- ‘दो तरह के रामराज्य हैं एक भगवान राम का, दूसरा गोडसे का रामराज्य। केजरीवाल जी चाहते हैं कि पूरे देश मे इसी तरह का रामराज्य हो, जहां लोगों को किसी तरह का दुख ना हो।’




