**कोरबा में तीन दिवसीय अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता का शुभारंभ**

कोरबा। सेण्ट्ल वर्कशॉप सेण्ट्ल स्टोर्स, कोरबा द्वारा आयोजित तीन दिवसीय अंतरक्षेत्रीय ब्रिज प्रतियोगिता 2024-25 का आयोजन एस०आर०सी०, एसईसीएल, कोरबा में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का उद्घाटन 8 अगस्त 2024 को मुख्य अतिथि श्री विनय दीप जेवियर, महाप्रबंधक, सेण्ट्ल वर्कशॉप, कोरबा के द्वारा किया गया।

उद्घाटन समारोह के दौरान श्री जेवियर ने ध्वजारोहण किया और शांति का प्रतीक गुब्बारा छोड़कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपने उद्बोधन में सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल मानसिक विकास को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि सामूहिकता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देती हैं।

इस अवसर पर उप महाप्रबंधक (उत्खनन) श्री के० के० राव, क्षेत्रीय कर्मिक प्रबंधक श्री बलराम टंडन, स्पोर्टस ऑफिसर श्री मनोज कुमार जैन सहित सेण्ट्ल वर्कशॉप-सेण्ट्ल स्टोर्स, कोरबा के समस्त विभागाध्यक्षों, शॉप प्रभारियों, जे०सी०सी० सदस्यों, कल्याण समिति, खेल समिति, एससी/एसटी/ओबीसी के सदस्य, और कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में महिलाएँ भी उपस्थित थीं।

प्रतियोगिता के आयोजन का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को मनोरंजन और मानसिक चुनौती देने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देना है। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागी अपनी बुद्धिमत्ता और रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी और खेल भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत होगा।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -