आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि भारत को सही समय पर सही नेता मिला है, जो देश को विभिन्न आर्थिक और सामाजिक मानदंडों पर शीर्ष पर ले जाने की क्षमता रखते हैं। नायडू ने यह बयान ‘2047 तक स्वर्ण आंध्र’ पर एक आर्थिक कार्यबल की शुरुआत के मौके पर दिया, जिसमें राज्य के विकास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई।
सीआईआई (भारतीय उद्योग परिसंघ) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नायडू ने कहा कि उनके राज्य आंध्र प्रदेश में विकास की अपार संभावनाएं हैं और राज्य सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भारतीय समाज की वैश्विक स्वीकार्यता का भी जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय दुनिया भर में सबसे अधिक स्वीकार्य समुदाय हैं, और यह रुझान भविष्य में भी जारी रहेगा।
पीएम मोदी का नेतृत्व सही दिशा में
नायडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा, “हमारे पास सही समय पर सही नेता हैं। मोदी जी के पास देश के लिए सुधारों और नीतिगत दिशा के बारे में स्पष्ट दृष्टिकोण है।” उन्होंने विश्वास जताया कि भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बन जाएगा और विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया के शीर्ष स्थानों पर पहुंचेगा


