कोरबा 03 फरवरी 2025-हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम से जनवरी माह में कनिष्ठ पर्यवेक्षक विवेकानंद साव एवं दफ्तरी गंगा प्रसाद साहू सेवानिवृत्त हो गए। सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारी को पाॅवर कंपनी परिवार की ओर से भावपूर्ण विदाई दी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के अध्यक्ष मुख्य अभियंता पीके श्रीवास्तव ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए पाॅवर कंपनी की ओर से आभार जताया।
मुख्य अभियंता के हाथों सेवानिवृत्ति कर्मचारियों को स्मृति चिह्न व सेवा प्रमाण-पत्र भेंट किया गया। समारोह में विशिष्टि अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, पीके स्वेन और केएनबी राव की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में मुख्य अभियंता एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारी को स्वस्थ व सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
विवेकानंद साव ने विद्युत मंडल एवं पाॅवर कंपनी में 40 वर्ष व 18 दिन की सेवाएं दी हैं। उनकी प्रथम नियुक्ति 30 जनवरी 1985 ंको विद्युत मंडल में हुई थी। जबकि गंगा प्रसाद साहू ने 42 वर्ष 05 माह 30 दिन की सेवाएं दी हैं। उनकी प्रथम नियुक्ति एक अगस्त 1982 को विद्युत मंडल में हुई थी। इस अवसर पर सेवानिवृत्ति कर्मचारियों द्वारा अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर द्वारा सेवानिवृत्ति कर्मचारी का संक्षिप्त जीवन परिचय का उल्लेख किया गया। दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


