CG NEWS : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में सोशल मीडिया पर रील बनाने का एक मामला अब पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। कोरबा के कोतवाली थाना परिसर में एक महिला द्वारा कथित तौर पर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए जाने की चर्चा है। वीडियो में ‘आज जेल होई…कल बेल होई’ गाना इस्तेमाल किया गया है, जिसके बाद मामला सुर्खियों में आ गया है।
बताया जा रहा है कि महिला ने थाना परिसर में मौजूद रहते हुए मोबाइल से रील तैयार की। रील में बैकग्राउंड में ‘आज जेल होई…कल बेल होई’ गाना चल रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
थाने में VIDEO बनाने पर उठे सवाल
पुलिस थाना आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ा संवेदनशील स्थान होता है। ऐसे में थाना परिसर के भीतर बिना रोक-टोक वीडियो बनाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति थाने के अंदर आसानी से रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर सकता है, तो पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था कितनी प्रभावी है, यह जांच का विषय है।
मामले को लेकर यह भी सवाल उठ रहा है कि महिला को थाना परिसर में वीडियो बनाने से किस स्तर पर रोका गया या नहीं रोका गया। यदि वीडियो वास्तव में कोतवाली थाना परिसर का है, तो पुलिस को इसकी परिस्थितियों की जांच कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर VIDEO को लेकर चर्चा
‘आज जेल होई…कल बेल होई’ गाने के कारण यह वीडियो सोशल मीडिया यूजर्स के बीच चर्चा का विषय बन गया है। रील में इस्तेमाल किए गए गाने और थाना परिसर की मौजूदगी को लेकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि, वीडियो किस परिस्थिति में बनाया गया और इसे बनाने की अनुमति थी या नहीं, इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




