अकलतरा (जांजगीर-चांपा), 24 अगस्त 2025:
थाना अकलतरा अंतर्गत आज दोपहर एक बड़ी घटना सामने आई जब पार्षद सुनीता सिंह, दारा मिश्रा एवं उनके अन्य साथियों द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या प्रशासनिक अनुमति के अकलतरा ओवरब्रिज के नीचे बलौदा-अकलतरा मुख्य मार्ग को अवैध रूप से जाम कर दिया गया। यह अवैध प्रदर्शन करीब ढाई घंटे तक चला, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन के चलते कानून व्यवस्था (L/O) की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना अकलतरा पुलिस ने भारतीय न्याया संहिता की धारा 191(2) एवं 126(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपियों की पहचान वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से की जा रही है और इस संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन या जुलूस के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य रूप से लें, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



