Friday, February 20, 2026

आंगन में खेल रही बच्ची पर गिरा उबलता दाल, परिवार में मचा कोहराम

कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। घर के आंगन में खेलते समय उसके ऊपर खौलती दाल गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, शंकर सारथी अपनी पत्नी आरती सारथी और दो बच्चों के साथ सीतामढ़ी शिव मंदिर गली में रहते हैं। शंकर बढ़ई का काम करता है। गुरुवार को शंकर घर पर था, जबकि उसकी पत्नी आंगन में सिगड़ी पर दाल पका रही थी। कुछ देर के लिए वह कमरे के अंदर चली गई।

इसी दौरान दो वर्षीय बेटी आराधना खेलते-खेलते सिगड़ी के पास पहुंच गई और अचानक दाल के बर्तन से टकरा गई। बर्तन पलटने से खौलती दाल उसके शरीर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

रोने की आवाज सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्ची को इलाज के लिए निहारिका स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे **मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मासूम की असमय मौत से मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जानकारी दर्ज कर ली है।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -