जांजगीर-चांपा 23 मार्च 2026। कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले में राजस्व कार्यों में सुधार और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण करने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सभी पटवारी, राजस्व निरीक्षक सहित सभी राजस्व अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करें। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति मुख्यालय से अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि आम जनता को समय पर राजस्व सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जिले में 09 मार्च से 30 मार्च 2026 तक राजस्व पखवाड़ा एवं जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके अंतर्गत आम नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को रिकॉर्ड अद्यतन रखने एवं त्रुटियों का शीघ्र सुधार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, आर बी सी 6-4, त्रुटि सुधार, नक्शा बंटाकन, रिकार्ड दुरूस्तीकरण सहित अन्य राजस्व से जुड़े लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली सहित सर्व एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


