कोरबा, 10 नवम्बर 2024 – बाँकीमोंगरा पुलिस ने अवैध कबाड़ के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए एक कबाड़ दुकान को सील कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यू.बी.एस. चौहान और नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन में इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एसईसीएल हॉस्पिटल रोड पर संचालित एक अवैध कबाड़ दुकान में चोरी के सामान की खरीद-बिक्री की जा रही है। पुलिस ने छापा मारकर दुकान संचालिका किरण साहू की दुकान से विभिन्न कबाड़ सामग्री जब्त की। इनमें एक स्कूटर, महिला साइकिल, लोहे का सरिया, एल्युमिनियम दरवाजे, स्कूटी, लोहे के प्लेट, टीना और अन्य कबाड़ सामग्रियां शामिल हैं। जप्त सामान की अनुमानित कीमत 85,500 रुपये बताई जा रही है।
जांच के दौरान पता चला कि दुकान संचालिका किरण साहू के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं थे। इसके अतिरिक्त, उनके बेटे विकास साहू और आकाश साहू के खिलाफ भी चोरी का सामान खरीदने और बेचने के पूर्व आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि यह परिवार अपने घर के पास ही अवैध कबाड़ दुकान संचालित कर चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में लिप्त है। इन गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी द्वारा दुकान को सील कर दिया गया।


