जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा 27 अगस्त 2026 को जिलेभर में “एक राखी साइबर जागृति की” शुभारंभ किया जाएगा। अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ जांजगीर स्थित ऑडिटोरियम हॉल में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में होगा।
अभियान के तहत जिले की 432 ग्राम पंचायतों के साथ शहरी क्षेत्रों, शासकीय प्रतिष्ठानों, कॉलेजों एवं शासकीय विद्यालयों में साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाया जाएगा। प्रातः 10:30 बजे निर्धारित स्थानों पर तथा जिलेभर में 11:00 बजे से 12:00 बजे तक जांजगीर-चांपा पुलिस, ग्राम कोटवार एवं ग्रामीण क्षेत्रों की महिला कमांडो द्वारा एक-दूसरे को “साइबर जागृति की राखी” बांधकर साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संकल्प दिलाया जाएगा।
राखी के इस पवित्र बंधन को साइबर सुरक्षा और जागरूकता का संदेश बनाते हुए पुलिस आमजन को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करेगी।
गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड वाले भी एक राखी सायबर जागृति की शुभारंभ में बुलाया गया है।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस अनूठी एवं व्यापक पहल को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। जिले के गांव-गांव और शहर-शहर एक साथ साइबर जागरूकता का संदेश पहुंचाकर यह अभियान जनभागीदारी का नया उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
“राखी का बंधन, साइबर सुरक्षा का संकल्प—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”




