जांजगीर-चांपा 17 अक्टूबर 2025/ महात्मा ज्योतिबा राव फुले आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय डोंगाकोहरौद, विकासखंड पामगढ़ के प्रभारी प्राचार्य श्री कुंज किशोर, व्याख्याता (एल.बी.) के विरुद्ध प्राप्त गंभीर शिकायतों की जांच में आरोप सत्य पाए जाने पर उन्हें पद से हटा दिया गया है।
श्री कुंज किशोर पर आरोप था कि उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से विद्यालय की साफ-सफाई एवं रंगाई-पुताई कराई, बोर्ड परीक्षा के नाम पर अतिरिक्त राशि वसूली की, खेल यूनिफॉर्म खरीदी हेतु छात्रों पर दबाव डाला, प्रायोजना कार्य में अंक कम देने की धमकी दी तथा अध्यापन कार्य में लापरवाही बरती। जांच प्रतिवेदन में इन सभी आरोपों की पुष्टि होने पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री एके सिन्हा ने श्री कुंज किशोर, व्याख्याता (एल.बी.) हिन्दी को महात्मा ज्योतिबा राव फुले आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय, डोंगाकोहरौद के प्रभारी प्राचार्य पद से तत्काल प्रभाव से मुक्त करते हुए उन्हें शासकीय हाई स्कूल भुईगांव, विकासखंड पामगढ़ में व्यवस्था के तहत आगामी आदेश तक अध्यापन कार्य संपादन हेतु निर्देशित किया गया है।
इसके साथ ही कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने पूरे प्रकरण पर गंभीरता से विचार करते हुए श्री कुंज किशोर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन राज्य संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, इन्द्रावती भवन, अटल नगर, नवा रायपुर (छ.ग.) को प्रेषित किया है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


