स्वदेशी जागरण मंच के तत्वाधान में व्यापारी संगठनों की राष्ट्रीय बैठक ’’ व्यापारी जुटान ‘’ में देशभर के 46 से अधिक प्रमुख व्यापारी संगठनों के 500 से अधिक पदाधिकारी शामिल हुए और व्यापारी एकता का सशक्त परिचय दिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य देश में बढ़ते ऑनलाइन व्यापार और विदेशी कंपनियों के एकाधिकार से देशी व्यापारियों को बचाना, स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना, उपभोक्ताओं को भारतीय वस्तुएं अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करना।
कोरबा के प्रसिद्ध व्यवसायी, धार्मिक, सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता, व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान, नई दिल्ली के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं भारतीय उद्योग व्यापार मंडल छत्तीसगढ़ के प्रदेशाध्यक्ष श्री अशोक मोदी ने बताया कि यह बैठक व्यापारी समाज के लिए एक ऐतिहासिक क्षण थी। देशभर से आए संगठनों ने एक स्वर में यह निर्णय लिया कि भारत के हित में स्वदेशी वस्तुओं को ही प्राथमिकता दी जाएगी। श्री मोदी ने ’’स्वदेशी संकल्प यात्रा’’ निकालकर केंद्र से लेकर ग्रामीण स्तर तक लोगों को जागरूक करने का सुझाव दिया, जिसे सभी ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया, उन्होंने कहा कि देश में ही उत्पादन बढ़ाकर निर्यात को प्रोत्साहन देना चाहिए और विदेशी वस्तुओं के आयात का बहिष्कार करना चाहिए।
कार्यक्रम में व्यापारी कल्याण बोर्ड, भारत सरकार के अध्यक्ष मा. श्री सुनील सिंघी, सांसद श्री प्रवीण खंडेलवाल, स्वदेशी जागरण मंच दिल्ली प्रमुख श्री सतीश जी, कश्मीरी लाल जी, व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक गोयल, केट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बालकिशन भरतिया, एम.एस.एम.ई. के राष्ट्रीय संस्थापक रजनीश गोयनका, रेहड़ी-पटरी के राष्ट्रीय सचिव धर्मेंद्र जी तथा तमिलनाडु से आए संुदेश्वर जी सहित राष्ट्रीय नेतृत्व की गरिमामय उपस्थिति रही।
बैठक में ऑनलाइन कंपनियों के बढ़ते एकाधिकार और विदेशी कंपनियों द्वारा भारतीय बाजार पर कब्जा जमाने की कोशिशों पर गंभीर चर्चा हुई ओर बताया कि यदि समय रहते भारतीय उपभोक्ताओं और व्यापारियों को जागरूक नहीं किया गया तो स्वदेशी उद्योगों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है जिस प्रकार 1751 में ईस्ट इंडिया कंपनी व्यापार करते-करते भारत को गुलाम बना बैठी थी, उसी प्रकार आज भी विदेशी कंपनियों से सतर्क रहना आवश्यक है।
बैठक में प्रमुख निर्णय लिए गए कि सभी व्यापारी संगठन एकजुट होकर ’’स्वदेशी अपनाओ, विदेशी सामानों का बहिष्कार करो’’ अभियान चलाएंगे विशेष रूप से अमेरिका की कंपनियों वालमार्ट, अमेज़ॉन, एप्पल, मैकडोनाल्ड्स, पेप्सी, कोका-कोला, जेसीबी और केएफसी जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के बहिष्कार का संकल्प लिया गया।
संगठनों ने यह भी स्पष्ट किया कि अमेरिका द्वारा भारत पर अनुचित व्यापारिक टैरिफ लगाकर दबाव बनाने की कोशिश का जवाब केवल स्वदेशी को मजबूत बनाकर ही दिया जा सकता है। इस संदर्भ में सभी व्यापारियों ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान का स्वागत किया और उन्हें पूर्ण सहयोग व समर्थन देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के अंत में सभी व्यापारी संगठनों ने यह संकल्प लिया कि आगामी समय में ’’व्यापारी जुटान’’ के समान ’’स्वदेशी संकल्प यात्रा’’ कार्यक्रम देशभर में आयोजित किए जाएंगे, जिससे व्यापारी वर्ग को संगठित किया जा सके और स्वदेशी आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


