प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के अंतिम फेज के लिए शनिवार, 28 सितंबर को जम्मू में रैली की। उन्होंने एमए स्टेडियम में विजय संकल्प महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि 2016 में आज ही की रात सर्जिकल स्ट्राइक हुई थी। भारत ने दुनिया को बताया था कि ये नया भारत है। ये घर में घुसकर मारता है।’
PM ने कहा, ‘वो दौर याद कीजिए, जब सीमा पार से आए दिन गोले बरसते थे। उधर से गोलियां चलती थीं और कांग्रेस वाले सफेद झंडा दिखाते थे। जब भाजपा सरकार ने गोली का जवाब गोले से दिया तो उधर वालों के होश ठिकाने आ गए।
अब आतंक के आकाओं को पता है अगर कुछ भी हिमाकत की तो मोदी पाताल से भी उन्हें खोज निकालेगा। कांग्रेस वो पार्टी है, जिसने सर्जिकल स्ट्राइक के सबूत मांगे थे। कांग्रेस आज भी सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर पाकिस्तान की भाषा बोलती है।’
सितंबर में PM मोदी की जम्मू-कश्मीर में यह तीसरी और आखिरी चुनावी सभा थी। 1 अक्टूबर को तीसरे और अंतिम चरण में बांदीपोरा, कुपवाड़ा, बारामूला, उधमपुर, जम्मू, सांबा और कठुआ जिलों की 40 सीटों पर मतदान होगा। 8 अक्टूबर को तीन फेज में 90 सीटों पर हुए मतदान के नतीजे आएंगे।


