नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और तेल-गैस संकट के बीच ईरान ने भारतीय जहाजों को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने की अनुमति दे दी है। यह फैसला उस समय आया है जब इजरायल और अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के कारण ईरान ने पहले इस समुद्री मार्ग पर रोक लगा दी थी और चेतावनी दी थी कि बिना अनुमति कोई जहाज यहां से नहीं गुजर सकेगा।
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, सूत्रों ने बताया है कि ईरान ने भारतीय जहाजों को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से सुरक्षित निकलने का भरोसा दिया है। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिए बेहद अहम समुद्री रास्ता माना जाता है।
थाई जहाज पर हुआ हमला
इसी बीच बुधवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में एक थाई रजिस्टर्ड मालवाहक जहाज “मयूरी नारी” पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल से हमला किया गया। इस हमले के बाद जहाज में भीषण आग लग गई।
समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, ओमानी नौसेना ने तत्काल बचाव अभियान चलाया, जिसमें अब तक जहाज के 20 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन नाविक अब भी लापता बताए जा रहे हैं और उनकी तलाश जारी है।
कंडला बंदरगाह जा रहा था जहाज
बताया जा रहा है कि यह जहाज खलीफा बंदरगाह से निकलकर भारत के कंडला बंदरगाह की ओर जा रहा था। हमले के बाद जहाज से काला धुआं उठता देखा गया और चालक दल को अपनी जान बचाने के लिए लाइफ राफ्ट के सहारे जहाज छोड़ना पड़ा।
वैश्विक तेल आपूर्ति पर नजर
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे व्यस्त और रणनीतिक समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस की आपूर्ति होती है। ऐसे में इस क्षेत्र में बढ़ते हमले और तनाव को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चिंता बढ़ गई है।


