कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने ली साप्ताहिक समय सीमा की बैठक

जांजगीर-चांपा 23 मार्च 2026/ कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की समीक्षा करते हुए शासकीय एवं विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभाग अंतर्गत समय-सीमा के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकरण करने और आमजन को योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने आगामी चावल उत्सव की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि चावल के उठाव, सुरक्षित भंडारण तथा सुचारू वितरण की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिवहन, भंडारण केंद्रों की स्थिति, गुणवत्ता नियंत्रण एवं वितरण प्रणाली में पारदर्शिता के साथ शत प्रतिशत हितग्राहियों को वितरण करने कहा। उन्होंने कहा कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने ग्रीष्मकाल के मद्देनजर पेयजल व्यवस्था को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय निकायों एवं पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जल स्रोतों की नियमित मॉनिटरिंग, खराब हैंडपंपों का मरम्मत तथा जल गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महुदा ब में एक शिक्षक के लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थिति पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकानों एवं मध्याह्न भोजन योजना के प्रभावी संचालन की समीक्षा करते हुए सभी एसडीएम को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीडीएस दुकानों में निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता के अनुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। मध्याह्न भोजन में गुणवत्ता, स्वच्छता एवं पोषण मानकों का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं स्वच्छ भारत मिशन, बिहान लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण एवं महात्मा गांधी नरेगा में निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कृषि क्षेत्र की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों का प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही किसानों को दलहन एवं तिलहन फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने कहा। कलेक्टर ने मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए मत्स्य योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने, उन्हें प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा झींगा उत्पादन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कलेक्टर ने पीएम सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक हितग्राहियों को इस योजना का लाभ दिलाया जाए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर श्री आर के तंबोली, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती स्निग्धा तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -