कोरबा, 27 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी ’कृषक उन्नति योजना’ के अंतर्गत किसानों को आदान सहायता राशि वितरण हेतु कल, शनिवार 28 फरवरी को कोरबा के सीएसईबी फुटबॉल मैदान में एक विशाल जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन करेंगे।
सुबह 11 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
जिला प्रशासन कोरबा द्वारा आयोजित इस गरिमामयी समारोह की तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। शनिवार सुबह 11ः00 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में जिले भर के हजारों किसान शामिल होंगे, जिन्हें शासन की ओर से आर्थिक सहायता राशि का वितरण किया जाएगा।
दिग्गज जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कोरबा लोकसभा सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत उपस्थित रहेंगी। साथ ही गरिमामयी उपस्थिति के रूप में कोरबा महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, और कृषि स्थाई समिति की सभापति श्रीमती सुष्मिता कमलेश अनंत सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि मंच साझा करेंगे।
किसानों को संबल देने की तैयारी
कृषक उन्नति योजना का मुख्य उद्देश्य खेती-किसानी को लाभ का धंधा बनाना और अन्नदाताओं को आर्थिक रूप से सशक्त करना है। जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं और क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में आयोजन स्थल पर पहुँचने की अपील की है।
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.


