कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास बड़ा हादसा टल गया। यहां पेट्रोल और डीजल से लोडेड टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में आग लगने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड होने की जानकारी सामने आई है।
खाना खाने के बाद टैंकर स्टार्ट करते ही लगी आग
बताया जा रहा है कि गुरसियां के पास चालक और कंडक्टर खाना खाने के लिए रुके थे। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को दोबारा स्टार्ट किया गया, उसके हिस्से में अचानक आग भड़क उठी।
आग तेजी से फैलने लगी। टैंकर में बड़ी मात्रा में पेट्रोल और डीजल भरा होने के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
चालक-कंडक्टर ने बाहर निकलकर बचाई जान
आग लगते ही चालक और कंडक्टर तत्काल टैंकर से बाहर निकल गए और अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
टैंकर में पेट्रोलियम पदार्थ भरा होने के कारण विस्फोट की आशंका को देखते हुए आसपास के रिहायशी क्षेत्र को खाली कराया गया। पुलिस और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर लोगों को घटनास्थल से दूर रखा।
हाईवे पर दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
टैंकर में आग लगने के बाद सुरक्षा कारणों से हाईवे पर आवागमन प्रभावित हुआ। इसके चलते कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बड़ा हादसा टला, नहीं हुई जनहानि
फिलहाल टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




