पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में जांजगीर- चांपा पुलिस द्वारा जिलेभर में “सायबर जागृति अभियान” चलाकर आम नागरिकों को बढ़ते सायबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में दिनांक 03.09.26 को जिला पंचायत के ऑडिटोरियम हॉल में सायबर जागृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के पेंशनर्स, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त वरिष्ठ नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सायबर जागृति का कार्यक्रम ASP जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के नेतृत्व में आयोजित किया गया, इस दौरान उपस्थित वृद्धजनों एवं पेंशनर्स को सायबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सतर्कता बरतने के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने सायबर ठगी के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा करते हुए कहा कि सायबर ठग अक्सर पुलिस, बैंक, न्यायालय, सरकारी विभाग या अन्य अधिकारी बनकर लोगों को डराने अथवा झांसे में लेने का प्रयास करते हैं। उन्होंने सभी से सावधान रहने तथा किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की अपील की।
APK फाइल से रहें सावधान
अनजान नंबर से WhatsApp, SMS या सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी गई APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। साइबर ठग APK के जरिए मोबाइल का डेटा, OTP एवं बैंकिंग जानकारी चोरी कर ठगी कर सकते हैं। किसी भी संदिग्ध लिंक या फाइल पर क्लिक न करें और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करें।




