कोरबा। औद्योगिक क्षेत्र बालको में श्रमिकों के कथित शोषण के खिलाफ चल रहा आंदोलन अब तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पूर्व मुख्यमंत्री Ajit Jogi के सुपुत्र Amit Jogi ने ‘खटिया आंदोलन’ शुरू कर प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को अमित जोगी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और खटिया पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए आंदोलनकारियों का समर्थन किया।
बताया जा रहा है कि स्थानीय मुद्दों और श्रमिकों की समस्याओं को लेकर यह आंदोलन पहले से ही जारी था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हो रहे हैं। अमित जोगी ने आंदोलनकारियों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रबंधन पर श्रमिकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक मजदूरों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अमित जोगी के आंदोलन स्थल पर पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन भी सतर्क हो गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
वहीं आंदोलन में राजनीतिक रंग आने के बाद बालको प्रबंधन की चिंता भी बढ़ गई है। माना जा रहा है कि इस हस्तक्षेप के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ सकता है। फिलहाल आंदोलन स्थल पर स्थिति शांतिपूर्ण है, लेकिन माहौल काफी गरमाया हुआ है।


