कोरबा। लगातार बारिश के चलते मिनीमाता बांगो जलाशय का जल स्तर बढ़ गया है। आज सुबह 6 बजे जलाशय में पानी का स्तर 357.8 मीटर दर्ज किया गया, जो महज कुछ मीटर कम है। ऐसे में संभावना है कि अगले 1 से 2 घंटे में बांध के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा सकता है।
कार्यपालन अभियंता धर्मेंद्र निखरा ने जानकारी दी कि शुरुआती चरण में लगभग 25 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा, इसके बाद धीरे-धीरे और पानी निकालकर जलस्तर नियंत्रित किया जाएगा।
इधर कलेक्टर अजीत वसन्त ने निचले और संभावित प्रभावित ग्रामों को अलर्ट जारी किया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारों के आसपास न जाएं और पूरी तरह सतर्कता बरतें।